मुंगराबादशाहपुर। मृतक सुदामा देवी की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
- फोटो : 1
मुंगराबादशाहपुर-प्रयागराज मार्ग पर कमालपुर गांव के समीप मंगलवार को सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने घर सब्जी लेकर लौट रही थी। ओवरटेक करने के प्रयास में एक प्राइवेट बस ने महिला को चपेट में ले लिया। थानाध्यक्ष अश्विनी दूबे ने बताया कि कमालपुर गांव निवासी सुदामा देवी (60) लाल बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के सामने पहुंचीं उसी दौरान प्रयागराज की ओर जा रही एक निजी बस ने दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया और महिला को रौंदते हुए निकल गई।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कोपोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति नन्हे लाल की भी करीब चार माह पूर्व एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब सुदामा देवी की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। लगातार दो सड़क हादसों में पति-पत्नी की मौत से गांव में मातम का माहौल है।