डोभी (जौनपुर)। क्षेत्र के पतरही बाजार में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एक महिला से ठगी का मामला सामने आया है। बाइक सवार एक पुरुष और महिला जालसाज ने झांसा देकर पीड़ित महिला से पांच हजार रुपये नकद और सोने के कान के गहने ऐंठ लिए और मौके से फरार हो गए। मढ़ी गांव की निवासी शीला चौहान बुधवार दोपहर करीब 3 बजे किसी काम से पतरही बाजार गई थीं। वहां उन्हें बाइक सवार एक व्यक्ति मिला, जिसके साथ एक महिला भी थी। ठगों ने महिला का विश्वास जीतने के लिए कहा कि उनका प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो गया है, जिसके तहत उन्हें पांच लाख रुपये मिलेंगे। जालसाजों ने शर्त रखी कि पैसा प्राप्त करने के लिए पहले 26 हजार रुपये जमा करने होंगे। पीड़िता को झांसे में लेने के लिए ठगों ने यहां तक कह दिया कि वे उनके घर भी गए थे, जहां उनकी भतीजी सोना ने बताया कि वह बाजार में हैं। उनकी बातों में आकर शीला चौहान उनकी बाइक पर बैठ गईं। जालसाज महिला को पतरही बाजार स्थित पेट्रोल पंप से आगे सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने कागजी कार्रवाई का बहाना बनाकर महिला से पांच हजार रुपये नकद और उनके कान की सोने की बाली ले ली। ठगों ने थोड़ी देर में वापस आने का झांसा दिया और वहां से रफूचक्कर हो गए। काफी देर इंतजार करने के बाद जब महिला घर पहुंची, तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और तहरीर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।