जौनपुर। लाइन बाजार थाना अंतर्गत कटघरा में बुधवार को एक क्लीनिक में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया। डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगा रहे परिजनों ने क्लीनिक में घुसकर तोड़फोड़ की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत किया। अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी मौके से फरार हो गए।बक्शा थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव निवासी अंजली (23) को पेट में दर्द होने पर कटघरा स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी। बुधवार को करीब दो घंटे तक ऑपरेशन के बाद बाहर आए चिकित्सक ने महिला के हार्ट में परेशानी बताते हुए विशेषज्ञ के पास ले जाने की सलाह दी। परिजन जब दूसरे अस्पताल पहुंचे तो बताया कि महिला की काफी देर पहले ही मौत हो चुकी है। गुस्साए परिजन वापस कटघरा मोहल्ले स्थित क्लीनिक पर पहुंचे। उनके पहुंचन से पहले ही डॉक्टर-कर्मचारी फरार हो गए थे। परिजनों ने हंगामा मचाते हुए तोड़फोड़ की कोशिश की। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।