थाना क्षेत्र के देहुआ गांव में बुधवार की शाम अचानक दीवार ढहने से उसके मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देहुआ गांव निवसी प्रेमा देवी (53) पत्नी स्व. कामता प्रसाद बुधवार की शाम अपने घर के पीछे दीवार के पास साफ-सफाई कर रही थीं। उसी वक्त अचानक दीवार ढह गई। दीवार के मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें भदोही के एक अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन बृहस्पतिवार को शव लेकर घर पहुंचे। परिजनों ने सुरेरी पुलिस समेत राजस्व अधिकारियों को भी सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।