त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, रामबाग में साफ-सफाई कर तैयार फ्लैस मशीन।-संवाद।
मिर्जापुर। पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट शुरू होते ही गांव-गांव अभी से ही चुनाव बिसात बिछने लगी है। ऐसे में दावेदार अपनी उम्मीदवारी को पेश करने लगे हैं। गणतंत्र दिवस व अन्य पर्वों की शुभकामना संदेश के लिए फ्लैक्स छपवा रहे हैं। इससे फ्लैक्स कारोबार में तेजी आई है। रामबाग, मुकेरी बाजार, घंटाघर में फ्लैक्स व बैनर-पोस्टर से जुड़े कारोबारी इस माहौल को भुनाने के लिए डिस्काउंट से लोगों को लुभाना भी शुरू कर दिया है। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बैलेट पेपर भी आ चुके हैं। आरक्षण का निर्धारण होना बाकी है। ऐसे में प्रधान, जिला पंचायत सदस्य व बीडीसी के लिए दावेदारी करनी शुरू कर दी है। उधर, राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र में माहौल बनाना शुरू किया है। गणतंत्र दिवस व अन्य त्योहारों के शुभकामना संदेशों के बैनर-पोस्टर बड़े पैमाने पर बनने लगे हैं। फ्लैक्स की दुकानों पर रात-दिन इसे लेकर काम चल रहा है। लकड़ी व लोहे की अलग-अलग फ्रेमिंग के आधार पर रेट तय किए जा रहे हैं। इसकी कीमतें अलग-अलग साइज के अनुसार तीन सौ से लेकर चार हजार रुपये तक है। एक मुश्त आर्डर पर कारोबारियों की तरफ से 10 प्रतिशत तक का डिस्काउंट भी शुरू कर दिया गया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में त्योहारी संदेशों के जरिए राजनीति से जुड़े लोगों ने फ्लैक्स की बुकिंग करानी शुरू कर दी है। हालांकि नये साल पर कोई खास बुकिंग नहीं रही लेकिन 26 जनवरी के लिए प्रतिष्ठान पर अच्छी बुकिंग की उम्मीद है। -अमन।
साइज के अनुसार ग्राहकों से बैनर की कीमत ली जा रही है। लोहे को फ्रेमिंग एक हजार से दो हजार तक की है। बुकिंग भी शुरू हो गई है। नये साल पर अच्छी बुकिंग हुई थी। अभी समय है। धीरे-धीरे लोगों का आर्डर मिल रहा है। मोहम्मद शेखू।