सड़क हादसे में मृतक संतोष कुमार पांडेय की फाईल फोटो। परिजन
मल्हनी। सरायख्वाजा थानाक्षेत्र के देवकली गांव के पास बुधवार रात सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक संतोष पांडेय (53) की मौत हो गई। वह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय में कार्यरत थे। वाराणसी जनपद के छिरिया लखमीपुर गांव निवासी अवनीश पांडेय ने बृहस्पतिवार को सरायख्वाजा थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता संतोष पांडेय (53) पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय में कार्यरत थे। बुधवार शाम करीब सात बजे वह मोटरसाइकिल से सब्जी खरीदकर अपने कमरे पर वापस लौट रहे थे। वह जैसे ही जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर स्थित देवकली गांव के समीप पावर हाउस के पास पहुंचे, अचानक सड़क पर एक छुट्टा पशु आ गया। उसे बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।