शाहगंज (जौनपुर)। हुसैनाबाद गांव निवासी प्रेमी ने प्रेमिका से विवाद के बाद सोमवार की शाम ताखा शिवपुर स्थित रेलवे फाटक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मौत की सूचना पाकर प्रेमिका ने भी फैजाबाद रोड स्थित दादर पुल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने घायल प्रेमिका को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
हुसैनाबाद गांव निवासी प्रेमी चंद्रकांत यादव (27) पुत्र राम अचल यादव का सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिद्दीनपुर बाजार स्थित गारमेंट की दुकान है। रोज की तरह वह सोमवार को भी अपनी दुकान पर गया। उक्त बाजार में उसकी प्रेमिका भी सेल्सगर्ल का काम करती थी। सोमवार की दोपहर दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। गुस्साया चंद्रकांत दुकान बंद कर बाइक से क्षेत्र के ताखा शिवपुर स्थित रेलवे फाटक के समीप पहुंचा। बाइक रेलवे ट्रैक के समीप खड़ी कर उसने लखनऊ की तरफ जा रही अज्ञात ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। कंट्रोल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक लिखा-पढ़ी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं युवक के मौत की सूचना सराय मोहिद्दीनपुर बाजार में आग की तरह फैल गई। प्रेमिका को भी प्रेमी की मौत की सूचना मिली तो वह एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर शाहगंज दादर पुल के पास पहुंची। थोड़ी देर बाद प्रेमिका ने पुल से छलांग लगा दी। वह 20 फीट नीचे सड़क से गिर पड़ी। इससे उसके पैर व सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने घायल प्रेमिका को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान हालत गंभीर देखकर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक तारकेश्कर राय ने बताया कि प्रेमी के मौत की सूचना के बाद प्रेमिका ने आत्महत्या का प्रयास किया है। इस मामले की पड़ताल की जा रही है।