गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चोरसंड लीलहा गांव में एक दामाद अपने ससुराल में पहुंचकर अपने ससुर के ऊपर हमला कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दामाद को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के चोरसंड लीलहा गांव निवासी लालजी की पुत्री की शादी केराकत थाना क्षेत्र के मई ढेरहा गांव के सुजीत कुमार से हुई है। आरोप है कि सुजीत अक्सर अपनी पत्नी को मारता-पीटता था। इसके कारण उसकी पत्नी अपने मायके में विगत कुछ महीने से रह रही थी। लालजी का दामाद सुजीत कुमार गुरुवार को सुबह लगभग साढ़े 11 बजे अपने ससुराल पहुंच गया। वह अपनी पत्नी को साथ ले जाने के लिए जिद करने लगा। जिस पर उसकी पत्नी ने ससुराल जाने से मना कर दिया। इसी दौरान सुजीत अपने ससुर लालजी के ऊपर हमला कर दिया और बुरी तरह से पीट दिया। लालजी के मुताबिक उसका दामाद एक महीने पहले भी घर आकर उत्पात मचाया था। थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उक्त युवक का पत्नी से विवाद चल रहा है। उसने अपने ससुर लालजी के ऊपर हमला कर पीट दिया। उसका चालान कर दिया गया है।