जिला अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते मरीज। संवाद
जौनपुर। बदले मौसम में बीमारियों का ग्राफ बढ़ गया है। सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में सुबह ही मरीजों की लाइन लग रही है। वायरल फीवर, सर्दी बुखार के मरीज अधिक आ रहे हैं। बुखार आने पर डाॅक्टर मलेरिया की जांच को प्राथमिकता दे रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल की पैथोलाॅजी में करीब 400 मरीज जांच कराने पहुंचे। ओपीडी में 1058 मरीज इलाज के लिए काउंटर पर पर्चा कटवाया। सुबह से ही ओपीडी में भीड़ रही। डाॅक्टरों को दिखाने के लिए मरीज और तीमारदार कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। जिला अस्पताल में जांच के लिए बने कलेक्शन सेंटर पर मरीजों को अपनी का इंतजार करना पड़ा। जांच की केंद्रीय व्यवस्था होने के कारण अस्पताल की पैथोलाॅजी में जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल के करीब 400 मरीज मंगलवार को जांच कराने पहुंचे। जबकि सामान्य दिनों में 200 से 250 मरीज जांच कराने के लिए आते हैं। फिजीशियन डाॅ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि मौसम तेजी से बदल रहा है। दिन में मौसम गर्म और सुबह-शाम की ठंड के चलते लोग बीमार पड़ रहे हैं। किसी को सर्दी जुकाम की समस्या हो रही है तो किसी को वायरल फीवर और गले की खरास परेशान कर ही है। उन्होंने बताया कि बुखार वाले मरीजों की जांच कराने के बाद ही दवा दी जा रही है। जिला अस्पताल में सामान्य दिनों में ओपीडी 900 से 950 के बीच रहती है। लेकिन, मंगलवार को 1058 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। महिला अस्पताल में 200 से 300 के मरीज आते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में खांसी, जुकाम, बुखार की शिकायत होने पर नजरअंदाज न करें। इस मामले में चिकित्सक से परामर्श लें। मरीजों की भीड़ के चलते दोपहर बाद तक ओपीडी चली।