विवादों के निपटारे के लिए सोमवार को सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 258 शिकायती पत्र आए। इसमें से मौके पर 26 का निपटारा किया गया। डीएम के मछलीशहर तहसील न पहुंचने पर फरियादी मायूस होकर लौट गए।
सदर तहसील सभागार में डीएम डा. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान का आयोजन हुआ। भूमि विवाद, पेंशन, आदि से संबंधित शिकायतें मिली। कुल 47 शिकायती पत्र आए, मौके पर 7 शिकायतों का निस्तारण कराया गया। मौके पर सभी अधिकारी मौजूद रहे।
मछलीशहर : एसडीएम न्यायिक शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस के तहत विभिन्न विभागों से 110 शिकायतें आईं। मौके पर तीन का निपटारा किया गया। इस दौरान भूमि संबंधी शिकायतें अअधिक रहीं। रोस्टर के हिसाब से डीएम की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित होना था। सीएमओ, डीपीआरओ व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 12 बजे तक डीएम व एसपी नहीं आए तो फरियादी लौट गए। समाधान दिवस में क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह, बीडीओ सचिन भारतीय, एक्सियन बिजली आरएस यादव, ईओ विजय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
बदलापुर: तहसील सभागार में तहसीलदार राकेश कुमार की अध्यक्षता में समाधान दिवस में 44 शिकायती पत्रों में से छह का निपटारा किया गया। इस दौरान सीओ वर्मा, सीडीपीओ सुनीता रावत, डा. संजय दूबे, हमीद अहमद खान उपस्थित रहे। शाहगंज: एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ 47 प्रार्थनापत्रों में से सात का निस्तारण किया गया। इस दौरान तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार बलवंत उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
मड़ियाहूं: तहसील सभागार में एसडीएम कुणाल गौरव की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। 18 प्रार्थना पत्रों में से महज चार का निस्तारण किया गया। इस दौरान प्रभारी तहसीलदार सत्येंद्र कुमार मौर्य, आदि मौजूद रहे।