सुरेरी। रामपुर के ग्राम सभा हरिहरपुर के सरकारी खाद्यान्न की दुकान का पूर्ति निरीक्षक ने शुक्रवार की शाम औचक निरीक्षण किया। राशन वितरण में हो रही कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कोटेदार के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कोटेदार भानु प्रताप राजभर दुकान पर उपस्थित नहीं मिले। वहीं उनके पुत्र गोविंद राम मौके पर उपस्थित मिला और खुद को कोटेदार का सहायक बताते हुए पूर्ति निरीक्षक द्वारा मांगे गए सभी दस्तावेज को उपलब्ध कराया। स्टॉक रजिस्टर के निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर में मार्च 2022 तक की प्रविष्टियां ही अंकित पाई गई। मार्च 2022 के बाद से अभी तक का कोई स्टॉक अंकित नहीं किया गया था।भौतिक सत्यापन के दौरान सरकारी राशन की दुकान पर गेहूं, चावल, और चीनी की मात्रा शून्य पाया गया। कोटेदार सहायक ने लिखित रूप से दिया कि अगस्त महीने के वितरण के लिए खाद्यान्न का उठान किया गया है। इसमें 25.50 क्विंटल गेहूं, 38 क्विंटल चावल की निकासी की गई है। वहीं पूर्ति निरीक्षक द्वारा जब ऑनलाइन वितरण रिपोर्ट ई पास मशीन एवं चालान के अनुसार निरीक्षण किया गया तो यह पाया गया कि दुकान पर 82.540 क्विंटल गेहूं, 123.760 क्विंटल चावल और 0.51 क्विंटल चीनी उपलब्ध होना चाहिए। दुकान पर गेहूं चावल और चीनी की मात्रा शून्य पाई गई। इस अनियमितता पर कोटेदार भानु प्रताप राजभर के खिलाफ पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि खाद्यान्न की कालाबाजारी को लेकर कोटेदार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।