जौनपुर। जिले में धान खरीद खत्म होने के बाद अब गेहूं की खरीद की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार 17 मार्च से 94 क्रय केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर खरीद की जाएगी। हालांकि गेहूं की फसल तैयार न होने से किसानों की आवक अप्रैल से होने की उम्मीद है। धान और गेहूं के सीजन में सरकार किसानों से खरीद करती है। पहले गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू होती थी लेकिन पिछले चार वर्षों से खरीद 17 मार्च से शुरू की जा रही है। 28 फरवरी तक धान की खरीद के बाद अब गेहूं की खरीद की तैयारी शुरू कर दी गई। इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये बढ़कर 2585 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। जबकि पिछले वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। अब शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन गेहूं खरीद की तैयारियाें की समीक्षा भी कर रहा है ताकि समय से खरीद शुरू की जा सके।