जौनपुर। गेहूं खरीद की तैयारी पूरी कर ली गई है। शनिवार से खरीद के लिए 134 क्रय केंद्र सक्रिय कर दिए गए हैं। इस साल गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 150 रुपये की वृद्धि की गई है। गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। ये पिछले साल से 150 रुपये अधिक है। खरीद के लिए पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरी हो गई है। जिले में वर्ष 2022 से गेहूं खरीद की स्थिति काफी खराब चल रही है। सरकार ने किसानों को फसल का उचित मूल्य देने के लिए इस बार 150 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य बढ़ाया है। गेहूं की खरीद के लिए अब तक 6000 किसानों ने अपना पंजीकरण करा लिया है। वर्ष 2024 में 142 केंद्रों पर गेहूं की खरीद की गई थी। इन केंद्राें पर 96000 एमटी लक्ष्य के सापेक्ष 2301 किसानों से महज 9120 एमटी गेहूं की खरीद हुई थी। इस वर्ष खरीद के लिए अभी शासन से लक्ष्य नहीं मिला है।