केराकत। पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लाई और भीषण गर्मी से राहत दिलाई। वहीं नगर और ग्रामीण इलाकों में जल निकासी की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जगह-जगह जलभराव से बाजारों और सड़कों पर कीचड़ फैल गया है, इससे आमजन और स्कूली बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नगर के प्रमुख इलाकों जैसे सारायबीरू, स्टेशन रोड, सिहौली चौराहा और सरायबीरू चौराहा पर जगह-जगह पानी भर जाने से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। देवकली बेलाव मार्ग पर तो कीचड़ और पानी से सड़कें झील जैसी दिख रही है। बाजारों में गंदगी और फिसलन से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, वहीं जलभराव से मच्छरों के पनपने की आशंका भी बढ़ गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते इन मार्गों पर पानी के निकासी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है और न ही टूटी सड़कों की मरम्मत हो रही है। स्थानीय निवासी विनोद, मकालू सोनकर, संदीप यादव, अशोक कुमार प्रजापति, संजय कुमार, मुकेश यादव, संतोष यादव आदि ने प्रशासन से जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि बारिश लोगों के लिए राहत बने, मुसीबत नहीं।