30- खुटहन के पट्टी नरेंद्रपुर गांव में निर्माणाधीन मुसहर आवास देखते जिला अधिकारी।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को ब्लाक कार्यालय खुटहन और पट्टी नरेंद्रपुर में मुसहर बस्ती का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मनरेगा की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने की हिदायत दी। अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए।
बीडीओ कार्यालय के निरीक्षण में डीएम ने प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों का मोबाइल नंबर सूची में न होने पर नाराजगी जताते हुए बीडीओ को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम और सीएमआवास के लाभार्थियों का मोबाइल नंबर सूची में अवश्य अंकित हो। मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों में वित्तीय वर्ष 2018-19 के 724 और वित्तीय वर्ष 2019-20 के 1324 कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। इन पर तेजी से कार्य कराने के निर्देश दिए। ग्राम डराना में 35906 और नदौली में 25599 मानव सृजित किए जाने की जांच जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम बनाकर करने के निर्देश दिए। विकासखंड खुटहन में 15 गांव में कुल 246 परिवार रहते हैं। ब्लाक में अब तक मुसहरों के लिए 15949 मानव दिवस का ही सृजन किया गया, जो प्रति परिवार लगभग 65 मानव दिवस आते हैं। डीएम ने सभी मुसहर परिवारों को कम-से-कम 100 दिन का कार्य मनरेगा के तहत दिए जाने के निर्देश दिए। एडीओ कोऑपरेटिव दुर्गेश विजय कुमार, मनरेगा सेल के विजय नाथ सिंह के अनुपस्थित रहने पर वेतन काटने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायत पट्टी नरेंद्रपुर में मुसहर बस्ती में बन रहे मुख्यमंत्री आवास का डीएम ने निरीक्षण किया। आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निदेर्मश बीडीओ को दिए। बस्ती को जाने वाली रोड पर निम्न स्तर का खड़ंजा लगा होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार को भुगतान न करने का निर्देश बीडीओ को दिया। बस्ती के लोगों ने डीएम से बिजली का कनेक्शन न होने के बाद भी बिल आने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने बिजली निगम के जेई को आकर जांच करने के निर्देश दिए।