नेवढ़िया (जौनपुर)। नेवढ़िया पुलिस ने गैंगस्टर में वांछित दस हजार के इनामी बदमाश को रविवार की सुबह सिहोरीवीर मंदिर के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चार माह पूर्व थाना क्षेत्र के तरती बाजार स्थित एक सराफा दुकान में सेंध काटकर लाखों के जेवर चोरी हो गए थे। इसमें पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर नौ लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। 10वां आरोपी कालू उर्फ कल्लू निवासी मिल्किया थाना निगोही जनपद शाहजहांपुर पुलिस की पकड़ से दूर था। इस पर एसपी ने 10 हजार का इनाम घोषित किया था। वह गैंगस्टर एक्ट में भी वांछित था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। रविवार सुबह सूचना मिली कि सिहोरीबीर मंदिर के पास आरोपी कालू उर्फ कल्लू खड़ा है और कहीं भागने की फिराक में है। थानाध्यक्ष नेवढ़िया अमित कुमार पांडेय पुलिस फोर्स के साथ पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। थानाध्यक्ष नेवढ़िया अमित कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी की काफी दिनों से तलाश की जा रही थी। उसे गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ जौनपुर, मुरादाबाद, बरेली सहित कई जिले में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।