जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए जिले में 23 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके लिए 90 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। बुधवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को ब्रीफ किया। उन्हें निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने और सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए। जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 68 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 22 मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टियों के गठन और प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मतदान व्यवस्था की निगरानी के लिए आरक्षित सहित नौ जोनल मजिस्ट्रेट, 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 100 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। इन सभी को 18 अक्तूबर को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पोलिंग पार्टियां 22 अक्तूबर को कलेक्ट्रेट से रवाना होंगी। मतदान समाप्त होने के बाद सीलबंद मतपेटिकाएं कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराई जाएंगी। ब्रीफिंग के दौरान एएसपी ग्रामीण आतिश सिंह, सीओ मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता, सीओ सदर विजय चौधरी, सीओ केराकत गिरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।