पंचायतों में रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए12 जून को सुबह सात बजे से मतदान आरंभ होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सकुशल चुनाव कराने के लिए मतदान दल शुक्रवार को सुबह संबंधित ब्लाकों से रवाना की गई। उपचुनाव में ग्राम प्रधान व बीडीसी सदस्य के 5-5 और ग्राम पंचायत सदस्य के 125 पदों के लिए वोट पड़ेंगे। जिले के 1740 ग्राम पंचायतों में 15 अप्रैल को हुए मतदान के बाद कई पद विभिन्न कारणों से रिक्त हो गए थे। इसके लिए उपचुनाव की प्रक्रिया में 12 जून को मतदान होना है। प्रशासन से संबंधित गांवों में एक-एक मजिस्ट्रेट की तैनाती है। शुक्रवार को ब्लाकों से मतदान सामग्री देकर चुनाव कराने के लिए मतदान दल को बूथों पर रवाना किया। दोपहर तक सभी दल बूथ पर पहुंच गए थे। केराकत ब्लाक के ग्राम पंचायत धरौरा में रिक्त पांच, गुलरा ग्राम पंचायत में तीन और सरौनी पश्चिम पट्टी में एक वार्ड में मतदान होना है। इन सभी नौ वार्डों में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। सुजानगंज: ग्राम सभा बरपुर, सर्वेमऊ, मीरपुर, सैदानी, सलारपुर, बाल्हामऊ, कुंदहा, तरसांव, देवकली आदि में उपचुनाव के लिए वोट पड़ेंगे। आरओ कमलेश ने बताया कि ब्लाक के दो गांवों में प्रधान और सात में सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। मुफ्तीगंज: ग्राम पंचायत कुंडी में बीडीसी सदस्य और विझवार सागर में सदस्य के एक पद के लिए मतदान होगा। जलालपुर: सकुशल मतदान कराने के लिए ब्लाक मुख्यालय से छह मतदान दल बूथ पर रवाना हुई। ग्राम पंचायत नहोरा में नव निर्वाचित प्रधान रामधारी यादव के निधन के बाद उपचुनाव में छह उम्मीदवार हैं। यहां चार बूथों पर वोट पड़ेंगे। दो ग्राम पंचायतों से बीडीसी सदस्य चुने गए बेदीराम ने रेहटी ग्राम पंचायत से इस्तीफा दे दिया था। इस कारण रिक्त पद पर चार उम्मीदवार मैदान में हैं। ग्राम पंचायत मोजरा के सदस्य पद के चार वार्ड के लिए आठ उम्मीदवार मैदान में है।