पत्रकारों से बातचीत करते सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा। संवाद
शाहगंज। सपा संसदीय दल के उपनेता और जाैनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को नपा अध्यक्ष रचना सिंह के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इस दाैरान उन्होंने भाजपा और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा। कहा कि वोट चोर गद्दी छोड़ो अभियान लगातार चलता रहेगा। आरोप लगाया कि शाहगंज समेत पूरे देश में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाते हुए वोटों की चोरी की गई है।
इसके बाद सांसद कुशवाहा ने नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह बंटी और पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से संवाद के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।
वहीं रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर डीआरएम से वार्ता कर गुणवत्ता पर विशेष जोर देने की बात कही। मछलीशहर पड़ाव पर तीन की करंट से मौत के मामले में पीड़ितों से मुलाकात न करने के सवाल पर सांसद ने सफाई दी।
कहा कि वे लगातार परिजनों के संपर्क में हैं। पीड़ित परिवारों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिए जाने की मांग की। पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने बाराबंकी में एलएलबी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद से ही छात्रों, किसानों और बेरोजगारों पर लगातार जुल्म हो रहा है।
निर्वाचन आयोग को उन्होंने भाजपा का सहयोगी संगठन करार दिया। इस मौके पर मिथलेश यादव, देवेंद्र साहू, सुशीला राव, सुरेन्द्र यादव, मकसूद हसन, अरशद अंसारी, सूहेल अहमद आदि मौजूद रहे।