सुईथाकला में पैदल मार्च करते अर्ध सैनिक बल के जवान। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। विधानसभा चुनाव को शांति एवं सकुशल कराने के लिए जनता के बीच संदेश दिया जा रहा है। बुधवार को जनपद के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में सीओ द्वारा अपने-अपने सर्किल में व समस्त प्रभारी निरीक्षकों व अर्द्ध सैनिक बल के जवानों के साथ रूट मार्च किया गया। इस दौरान मतदाताओं के बीच संदेश दिया कि वे बिना किसी डर भय के मतदान कर सकेंगे। मुंगराबादशाहपुर में उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह और सीओ अतर सिंह संग थाना प्रभारी के नेतृत्व में सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र, मधुपुर, इटहरा बॉर्डर, प्रतापगढ़ रोड, कमालपुर, स्टेशन रोड, पकड़ी, फत्तूपुर निस्फी, तरहाठी, पांडेपुर, लौंह, रामनगर, मछली शहर रोड, सुजानगंज जंघई रोड, गरियाव में रुट मार्च निकाला गया। थाना प्रभारी सदानंद राय ने बताया कि रुट मार्च का मकसद होने वाले विधानसभा चुनाव में लोगों के अंदर डर को खत्म करने और क्षेत्र में अमन कानून की स्थिति को बरकरार रखने का संदेश देना है। केराकत : उपजिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया, तहसीलदार राम सुधार व कोतवाल लक्ष्मण पर्वत ने अर्द्ध सैनिक बल के जवान व पुलिस के साथ नगर व थानागद्दी क्षेत्र में रुट मार्च किया। एसडीएम ने बताया कि चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु व आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से रुट मार्च किया गया है। सरपतहा थाना क्षेत्र के रुधौली बाजार में पुलिस जवानों ने रूट मार्च कर शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान प्रभारी थाना अध्यक्ष संजय कुमार सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही। जलालपुर : पुलिस व अर्द्ध सैनिक बल के जवानों ने जलालपुर थाने से रूटमार्च की शुरुआत की। जो जलालगंज रेलवे क्रॉसिंग होते हुए चंवरी, पराऊगंज, त्रिलोचन, पुरेंव बाजार होते हुए संवेदनशील व अति संवेदनशील गांव लोहगाजर, रेहटी, कोर्री, कुसांव गांव तक गया। मार्च में शामिल पुलिस जवानों ने ग्रामीणों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। इस दौरान इंस्पेक्टर विजयशंकर सिंह के साथ थाना पुलिस मौजूद रही।