शंभूगंज विशेसरपुर स्थित साईंनाथ महादेव मंदिर परिसर में बुधवार को राजाराम यादव की स्मृति में अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वाराणसी के अर्जुन पहलवान ने गाजियाबाद के अखिलेश पहलवान को अंकों के आधार पर 5-0 से विजेता घोषित किया।
प्रतियोगिता में आदर्श पहलवान चौकिया एवं अमन पहलवान गाजियाबाद के बीच हुआ, जो बराबरी पर छूटा।
दिल्ली के पहलवान जय और उत्तर प्रदेश के रितेश के बीच हुए मुकाबले में रितेश विजेता रहे। मुकाबले में बनारस के विराट ने जौनपुर के द्रोण पाल को पराजित किया। विशेषरपुर शम्भूगंज के अनन्त यादव ने आदर्श यादव चौकियां जौनपुर को पटकनी दी। प्रतियोगिता में द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता हरियाणा के राजसिंह चिकारा, विश्व कांस्य पदक विजेता संदीप यादव, ट्रिपल यूपी केशरी गोपाल यादव, महाराष्ट्र केसरी उदयराज यादव और ट्रिपल यूपी केसरी विजय पाल सहित कई अंतरराष्ट्रीय पहलवान और प्रतिष्ठित पहलवान मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महावीर यादव ने की। संचालन जयप्रकाश यादव और रामसेवक यादव ने किया। इसके पूर्व कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का फीता काटकर उदघाटन पूर्व सांसद धनंजय सिंह एवं विशिष्ट अतिथि एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू ने किया।