मछलीशहर। क्षेत्र के कई गांवों में ट्रांसफाॅर्मर जलने के कारण अंधेरा छा गया है। ग्रामीण हवा-पानी के लिए परेशान हैं। वर्कशाॅप से मरम्मत के सप्ताहभर बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं मिल रहा है। पहाड़पुर ग्रामसभा के मिर्जापुर पुरवा के हरिशंकर पटेल बताते हैं कि बिजली निगम द्वारा स्थापित 25 केवी का ट्रांसफाॅर्मर एक सप्ताह से जल गया है। ग्रामीणोंं ने उसी दिन ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कई बार-बार अधिकारियों से मिलकर शिकायत की गई लेकिन अब तक ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला जा सका। बच्चूलाल का कहना है कि एक सप्ताह से बिजली गुल होने से ग्रामीणों में रोष है। उपभोक्ताओं को पेयजल व मोबाइल चार्जिंग की भी बड़ी समस्या हो रही है। मामले में एसडीओ आदित्य मार्कंडेय का कहना है कि मिर्जापुर, चक घसीटा, कमासिन समेत पांच स्थानों का जला ट्रांसफॉर्मर बदलकर मंगलवार को वर्कशाॅप से निकल चुका है। शाम तक उक्त गांवों में लगवाया जाएगा।