मुंगराबादशाहपुर। सरायरुस्तम से नंदौत प्रयागराज बॉर्डर मार्ग तक की जर्जर सड़क को गड्ढामुक्त करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। नारेबाजी कर सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की।
रेलवे क्रॉसिंग के बगल स्थित गांव सरायरुस्तम से नंदौत गांव प्रयागराज बॉर्डर के बीच से गुजर रही सड़क लंबे समय से टूट चुकी है। बरसात के समय गड्ढों में पानी भर जाता है। इस कारण आए दिन कोई न कोई वाहन फंसा रहता है। ग्रामीणों का भी सड़क से गुजरना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि उक्त रोड पर कई विद्यालय संचालित हैं। जिससे सैकड़ों छात्र-छात्राओं का आना जाना लगा रहता है। बरसात के दौरान कई छात्राएं गड्ढे में गिरकर चोटिल भी हो चुकी है। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द ही सड़क को गड्ढा मुक्त नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन मे बृजेश श्रीवास्तव, दुर्गा प्रसाद, दिनेश तिवारी, रविशंकर दिवाकर ,प्रधानपति अरुण कुमार उर्फ मल्लू, सनोज साहू, जिलाजीत, सूरज कुमार ,हरिश्चंद्र, संजीत रजक, गिरधारी यादव, पंचू पटेल ,अशोक कुमार, परमानंद यादव, अशोक कुमार गुप्ता और संतोष कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।