गौराबादशाहपुर। स्थानीय कस्बा के बंजारेपुर शिवमंदिर के पास सखैला के लोगों ने शनिवार को लोकनिर्माण विभाग के मनमानी को लेकर प्रदर्शन किया। कस्बे में जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जा रहा है। नाली का गंदा पानी सखैला के तालाब में गिराया जा रहा है। इसकी जानकारी होने पर मोहल्ले के लोग भड़क उठे। रामधनी सोनकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग तालाब के पास इकट्ठा हो गए। विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन कर रहे सखैला के लोगों का कहना है कि तालाब का पानी बरसात में ओवर फ्लो होकर मोहल्ले में चला जाता है। जब कस्बे के नाली को इसमें मिला दिया जाएगा तो सखैला में पानी भर जाएगा। कस्बे का गंदी पानी तालाब में गिरेगा तो संक्रामक बीमारी फैल जाएगी। तालाब के किनारे बसे लोगों संक्रामक बीमारी की चपेट में आए जाएगे। तालाब की पानी किसी काम का नहीं रह जाएगा। यदि विभाग पानी तालाब से दूर गिराने की व्यवस्था नहीं करता है तो गांव के लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर रामधनी सोनकर, अशोक सोनकर, रीता देवी, बसंता देवी, शारदा, उर्मिला, लल्ला सोनकर, लोरिक, लवकुश, लालता, मुकेश सोनकर आदि मौजूद रहे।