विद्यावती प्रेरणा पुरस्कार से सम्मानित बच्चे। स्वयं
जौनपुर। खुटहन के रुस्तमपुर की पूर्व प्रधान स्व. विद्यावती पांडेय की स्मृति में बृहस्पतिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय बालिका इंटर कॉलेज, रुस्तमपुर में ‘विद्यावती प्रेरणा पुरस्कार-2026’ के तहत हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता हुई। मोबाइल की बढ़ती लत, सुविधा से समस्या तक’ विषय पर विद्यार्थियों ने मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल और उसके प्रभावों को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने रखा। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. विद्यावती पांडेय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 10 के आदर्श वर्मा ने प्रथम, अंशिका मिश्रा ने द्वितीय और शिवराज गौतम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कृति जोरिया और समीक्षा जोरिया को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
मुख्य अतिथि सुभाष पांडेय ने कहा कि विद्यावती प्रेरणा पुरस्कार विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की सराहनीय पहल है। विशिष्ट अतिथि शिवपूजन पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में शिक्षा, साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति रुचि बढ़ाते हैं। कार्यक्रम अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्र ने कहा कि स्व. विद्यावती पांडेय की स्मृति को जीवंत रखते हुए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना पुरस्कार की सार्थक पहल है। कैप्टन अशोक उपाध्याय, देवी प्रसाद उपाध्याय, बंशबहादुर पाल, सुशील पांडेय, ओम प्रकाश उपाध्याय और राजेश पांडेय ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में जगदीश पांडेय, डा. अनिल तिवारी, अशोक मिश्रा, ओमप्रकाश मिश्रा, दिनेश यादव, ब्रह्मदेव मिश्रा, किशन यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। अध्यक्षता वीरेंद्र मिश्र व संचालन बृजेंद्र तिवारी ने किया। प्रबंधक कृष्ण पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रधानाचार्या प्रिया पांडेय ने आभार जताया।