जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदयचंदपुर स्थित गोमती घाट पर एक महिला के शव को घसीटकर ले जाते समय जेठ को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। सिंधोरा पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वाराणसी जिले के सिंधोरा थाना क्षेत्र के ग्राम पतिराजपुर निवासी रामजीत चौहान अपनी भयोहू श्रीदेवी के शव को शनिवार की देर शाम केराकत क्षेत्र के उदयचंदपुर स्थित गोमती घाट पर लेकर पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि वह विवाहिता के शव को जलाने के लिए बिना कफन के घसीटते हुए ले जा रहा था। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उससे पूछताछ करने लगे। सूचना पर थानागद्दी चौकी प्रभारी एसके राय मौके पर पहुंचे। रामजीत चौहान ने बताया कि महिला बीमार थी। उसका उपचार चोलापुर स्थित एक अस्पताल में चल रहा था। उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पिता भी अभी अस्पताल में भर्ती है। मामला संदिग्ध होने पर चौकी प्रभारी ने सिंधोरा थाना प्रभारी को सूचना देकर शव को सौंप दिया। सिंधोरा पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।