मुंगराबादशाहपुर। छनेहता गांव में लगभग 40 साल पुराने श्रीराम-जानकी मंदिर से रविवार की सुबह भगवान राम-जानकी, हनुमान सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां गायब मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर में सालों से नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती रही है। रविवार की सुबह जब लोग दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे तो मंदिर में स्थापित मूर्तियां नहीं थीं। ग्रामीणों ने मंदिर के पुजारी लक्ष्मीकांत शर्मा से पूछताछ की। पुजारी ने बताया कि वे काफी समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। स्वास्थ्य कारणों से नियमित पूजा-पाठ करने में असमर्थ थे। इस कारण उन्होंने मंदिर की मूर्तियों को प्रयागराज के रामघाट ले जाकर विधि-विधान से प्रवाहित कर दिया। गांव के लोगों का कहना है कि मंदिर की मूर्तियां हटाने से पहले गांव के लोगों और मंदिर समिति को विश्वास में लिया जाना चाहिए था। मामले को ग्राम प्रधान मुरली देवी लेकर सुनील शर्मा अमर बहादुर, मनोज शर्मा सहित कई ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यथाशीघ्र मंदिर से हटाए गए मूर्तियां लाकर प्राण प्रतिष्ठा कर पुनः स्थापित किया जाएगा।