खुटहन। पटैला गांव में बीते बुधवार की भोर एक बस्ती के पांच घरों में की गई तोड़फोड़ के मामले को भले ही पुलिस सिरे से खारिज कर रही हो लेकिन बृहस्पतिवार को वायरल एक सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस के लिए सिरदर्द बढ़ा दिया। वीडियो में कई पुलिसकर्मी कमर में पिस्टल लगाए घर में घुसते व बाहर निकलते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इस वीडियो को एक दिन पहले का बताया।
गांव निवासी व जिला पंचायत सदस्य अकीला बानो का आरोप है कि पुलिस बस्ती के युवकों को आए दिन हिरासत में लेकर फर्जी मुठभेड़ दिखाकर उनके पैरों में गोली मारी जा रही है। इससे बस्ती के लोग पहले से ही पुलिस से खौफजदा हैं। बुधवार की भोर में चार दर्जन से अधिक की संख्या में पहुंचे पुलिस के जवानों ने उनके घर के अलावा पड़ोसी शहाबुद्दीन, शाह मोहम्मद, कलामुद्दीन व अमजद के घरों में जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने पुलिस पर घरों में रखे करीब 30 लाख के गहने भी उठाने का आरोप लगाया। तोड़फोड़ में भी 25 लाख से अधिक के गृहस्थी का सामान को क्षतिग्रस्त होने का आरोप लगाया है। सीओ गौरव कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल दोनों वीडियो की जांच की गई है। इसमें एक वीडियो में पुलिस घर के बाहर दिखाई दे रही है जो एक दिन पहले यानि मंगलवार की है। प्रधान के घर का वीडियो वायरल हो रहा है जबकि तोड़फोड़ दूसरे घर में बताई जा रही है। पुलिस एक आरोपी की तलाश में वहां गई थी। जो आरोप लगाए जा रहे हैं उस दौरान खुटहन पुलिस मुठभेड़ में गई थी।