घूस लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर पुलिस चौकी पर तैनात एक दीवान को एसपी डाॅ.कौस्तुभ ने मंगलवार को निलंबित कर दिया। सोशल मीडिया पर सुबह से ही चौकी पर तैनात दीवान शिवाधार भारती का एक व्यक्ति से घूस लेने का वीडियो वायरल हो रहा था। आरोप था कि वह हरे पेड़ों की कटान कराने वाले एक व्यक्ति से पैसा ले रहे थे। एसपी ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए दीवान को निलंबित कर दिया। एसपी ने मामले की जांच सीओ बदलापुर देवेश कुमार सिंह को सौंप दी है। इस बाबत सीओ देवेश कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो मामले में दीवान को निलंबित कर दिया गया है। संवाद