जौनपुर। एसटीपी के प्रोजेक्ट मैनेजर के अपहरण व रंगदारी मांगने के मामले में जिला जेल में बंद पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पेशी शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। उन्हें जेल से अदालत में पेश नहीं किया गया। मामले में सह आरोपी संतोष विक्रम अदालत में उपस्थित हुआ। कोर्ट ने पत्रावली सेशन अदालत में विचारण के लिए सुपुर्द कर दिया। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में चार्जशीट आने के बाद कोर्ट ने फाइल कमिट करने के लिए आरोपियों को तलब किया था। इस मामले में वादी के मुकरने के बाद भी पुलिस ने चार्जशीट दाखिल किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक चार्जशीट के लिए प्रोजेक्ट मैनेजर की ओर से सुपरवाइजर को किए गए व्हाट्सएप मैसेज, घटना के वक्त प्रोजेक्ट मैनेजर की लोकेशन और मोबाइल फोन की सीडीआर को आधार बनाया गया है। इसके तथ्य भी पुलिस ने चार्जशीट के साथ संलग्न किए हैं। इसके अलावा प्रोजेक्ट मैनेजर की ओर से मांगी गई सुरक्षा का भी हवाला दिया गया है। यह भी दावा किया जा रहा है कि प्रोजेक्ट मैनेजर से पूर्व सांसद से हुई बातचीत की रिकार्डिंग की रिकवरी के लिए पुलिस ने कैलिफोर्निया तक भी संपर्क साधा था।