जंघई फ्लाईओवर निर्माण अंतिम दौर, रेलिंग बनाते मजदूर। संवाद
मीरगंज। लंबे इंतजार के बाद जंघई फ्लाईओवर पर सितंबर के पहले सप्ताह से वाहन दौड़ने लगेंगे। परियोजना का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। लोड टेस्टिंग होना अभी बाकी है। मछलीशहर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731बी) पर बन रहे इस फ्लाईओवर की लागत लगभग 640 करोड़ रुपये है। परियोजना का काम नवंबर 2023 में शुरू हुआ था। भदोही तक सड़क का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है। जंघई रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे की अनुमति मिलने में देरी होने के कारण फ्लाईओवर का काम बंद हो गया था। जून और जुलाई में गार्डर चढ़ाने और स्लैब ढलाई का काम पूरा हो गया था। अब रेलिंग लगाने और डामरीकरण का काम चल रहा है। नेशनल हाईवे विभाग के अवर अभियंता ओपी प्रसाद ने बताया कि इसी महीने लोड टेस्टिंग कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग सफल रहने पर सितंबर में फ्लाईओवर से यातायात शुरू हो जाएगा। फ्लाईओवर शुरू होने से जंघई के लोगों को 51-बी रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से मुक्ति मिलेगी। इससे समय की बचत होगी। आवागमन सुगम होगा। मछलीशहर, वाराणसी और भदोही की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी यात्रा आसान हो जाएगी।