जौनपुर प्रयागराज हाईवे पर दिन में लाइट जलाकर कोहरे में गुजरता ट्रक। संवाद
जौनपुर। घने कोहरे के कारण बृहस्पतिवार को सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दिन भर सड़क पर लाइट जलाकर वाहन रेंगते देखे गए। पारा लुढ़कने के कारण गलन बढ़ी रही। दिन भर सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। बाजार में शाम होते सन्नाटा पसर गया। बाजार में ग्राहक नहीं होने के कारण शाम को दुकानें भी जल्द बंद हो गई। वहीं, जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र के मुताबिक ठंड को देखते हुए एक से लेकर 12वीं तक के सभी बोर्ड के विद्यालय बंद रहेंगे। बृहस्पतिवार को दृश्यता शून्य से चार मीटर तक रही। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम होते गलन बढ़ने के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई। शाम को सात बजे ही शहरी इलाकों की दुकानों पर सन्नाटा पसर गया। जिले में सुबह-सुबह कोहरे की घनी चादर छाई रही। इससे सुबह के समय वाहन लाइट जलाकर गुजरते नजर आए। वाहनों की रफ्तार को भी रोक दिया। कोहरा इतना घना था कि कुछ दूर दिखना भी मुश्किल था। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं व नौकरी पेशा लोगों को उठानी पड़ी। दो पहिया व चार पहिया वाहनों की रफ्तार थम सी गई। बृहस्पतिवार को रात से आसमान में कोहरा छाने लगा और देखते देखते कोहरा बढ़ गया। सुबह जब लोग सैर को निकले तो शहर की सड़कोंं पर घना कोहरा देखने को मिला। कोहरा होने के कारण लोगों को सर्दी का एहसास हुआ। जिस पर काफी लोग जल्दी ही सैर करके अपने घरों में वापस आ गए। कोहरे के कारण शहर की सड़कों पर भी सुबह को कम लोग ही नजर आए।
घने कोहरे का असर हाइवे पर भी देखने को मिला। सड़कोंं पर लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिक करते नजर आए। स्कूल जाने वाली छात्र-छात्राएं को भी ठिठुरते हुए स्कूल जाते नजर आए। ठंड के चलते सरकारी और गैरसरकारी कार्यालयों में उपस्थिति कम रही। शाम को काम निबटाकर लोग जल्दी घर लौट आए।
रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव पर यात्री ठिठुरते हुए वाहनों का इंतजार करते रहे। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ डॉ. सुरेश कन्नोजिया ने कहा कि दृश्यता शून्य से चार मीटर तक रही।