पुलिया से नहर में गिरा सब्जी विक्रेता, एक किमी दूर मिली लाश
- सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के इटवरी बाजार की घटना
करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के इटवरी बाजार में शनिवार की रात सब्जी विक्रेता शारदा सहायक नहर की पुलिया से गिर गया। तेज बहाव के कारण वह बहकर काफी दूर चला गया। काफी देर बाद एक किमी दूर उसकी लाश मिली। शव को नहर से बाहर निकालकर पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
इटहरी बाजार निवासी मनोज (38) सब्जी विक्रेता है। शनिवार की रात वह गांव के पास से गुजरी शारदा सहायक नहर की पुलिया पर बैठा था। अचानक वह पुलिया में गिर गया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग उसे बचाने पहुंचे, मगर तब तक वह तेज बहाव में आकर आगे चला गया। मनोज को तैरना भी नहीं आता था। घंटों तक लोगों ने उसकी तलाश की। करीब एक किमी दूरी पर नहर में उसका शव पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।