जंघई जंक्शन से होकर गुजरने वाली वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को रायबरेली रेलवे स्टेशन पर नान इंटरलॉकिंग डबलिंग का कार्य पूरा करने के लिए तीन सितंबर तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। ट्रेन का संचालन बंद होने से यात्रियों को जंघई से नीभापुर, बादशाहपुर, प्रतापगढ़ होते हुए लखनऊ शहर जाने में परेशानी झेलनी पड़ेगी। इसके पूर्व में भी कोविड संक्रमण के चलते बंद वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन करीब सवा साल बाद 22 जुलाई को शुरू किया गया था। नौ दिन बाद ही फिर संचालन बंद हो गया है। रेलवे से जुड़े लोगों के मुताबिक अमेठी से लखनऊ ट्रैक दोहरीकरण परियोजना में रायबरेली स्टेशन का कार्य शेष रह जाने से इस ट्रेन को एक अगस्त से एक माह से अधिक समय के लिए दोबारा बंद कर दिया गया है। रेल विभाग द्वारा रायबरेली स्टेशन पर ट्रैक दोहरीकरण कार्य पूरा करने के लिए तीन सितंबर तक का ब्लॉक जारी किया गया है। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक जंघई वीके सिंह ने बताया कि वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी अग्रिम आदेश तक निरस्त कर दी गई है।