जौनपुर। गर्भवती महिलाओं और नवजात के स्वास्थ्य पर नजर रखने के लिए अब सीएचसी के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीकाकरण कराया जाएगा। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नियमित टीकाकरण और विशेष स्वास्थ्य अभियानों के तहत मुफ्त टीके सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर लगाए जाएंगे। किशोरियों, महिलाओं और शिशुओं को स्वस्थ रखने और मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीकाकरण कराया जाएगा। यहां तक की जन आरोग्य मेले में भी टीकाकरण करने की तैयारी शुरू हो गई है।
हर सप्ताह शुक्रवार को प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण करने के लिए शासन से निर्देश जारी हुआ है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि सीएचसी पर हर सप्ताह बुधवार और शनिवार को टीकाकरण कराया जाता है। अब टीकाकरण की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हर माह के तीसरे शुक्रवार को स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा।
इसके अलावा रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगने वाले मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में सरकार ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्ष की आयु की किशोरियों के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान और टेटनस-डिप्थीरिया (टीडी) टीका लगाने का कार्यक्रम शुरू किया है। किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाने के लिए सभी से अपील की जा रही है।