जौनपुर। वैक्सीन की कमी से वैक्सीनेशन का कार्य शनिवार को प्रभावित रहा। जिले के महज 33 केंद्रों पर ही टीकाकरण हुआ। कुछ केंद्रों पर लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे भी तो उन्हें मायूस लौटना पड़ा। राजकीय लीलावती अस्पताल, जिला अस्पताल जैसे प्रमुख केंद्रों पर टीका न लगाए जाने से लोग भटकते रहे।
जिले में अब तक 2.95 लाख लोगों को टीका लग चुका है। सामान्य दिनों में 84 केंद्रों पर टीकाकरण हो रहा है, लेकिन वैक्सीन की कमी से कभी 44 तो कभी 33 केंद्र पर ही टीका लग पा रहा है। शनिवार को भी 33 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। इन केंद्रों पर सिर्फ कोवैक्सीन की डोज लगाई गई। अन्य केंद्रों पर कोविशिल्ड का टीका लगाया जाता है। इसकी उपलब्धता न होने से अन्य केंद्रों पर टीकाकरण ठप रहा। जिला मुख्यालय पर सिर्फ कटघरा की अर्बन पीएचसी के एक केंद्र पर टीका लगाया गया। अन्य केंद्रों पर टीका न लगाए जाने से लोग भटकते रहे। हालांकि देर शाम कोविशिल्ड की 18650 डोज पहुंची। रविवार को इसका केंद्रों पर वितरित किया जाएगा। तब सोमवार से टीकाकरण आरंभ होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके सिंह ने कहा कि वैक्सीन कम होने के कारण शनिवार को जिले के 33 केंद्रों पर ही टीकाकरण किया गया। जिले में केवल कोवैक्सिन की डोज लगाई गई। शासन को वैक्सीन के लिए पहले ही पत्र भेज दिया गया था। शनिवार को देर शाम तक जिले में वैक्सीन की 18650 डोज पहुंची है। पूर्व की तरह से सभी केंद्रों पर वैक्सीनेशन किया जाएगा।
18 साल के ऊपर के लोगों को करना होगा इंतजार
जौनपुर। टीकाकरण के लिए 18 साल के ऊपर के लोगों को अभी इंतजार करना होगा। शासन स्तर से जिले को अभी वैक्सीन का एलाटमेंट नहीं किया गया है। सरकार पहले नगर निगम और मंडल मुख्यालयों को ही 18 साल के युवाओं को टीकाकरण के लिए चयन किया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एनके सिंह का कहना है कि अभी जिले को वैक्सीन नहीं मिली है। अभी इंतजार करना होगा।