जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा में जिले के सात छात्रों ने प्रदेश की सूची में स्थान बनाकर नाम रोशन किया है। इसमें हाईस्कूल के दो और इंटर के पांच छात्र शामिल हैं। जिन्होंने प्रदेश भर में 9वां और 10वां स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है।
यूपी बोर्ड का हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शनिवार को जारी हो गया। इसमें हाईस्कूल में बीआरए इंटर काॅलेज सिकरारा के महावीर यादव और आदर्श यादव ने 600 में से 582 अंक प्राप्त कर 97 प्रतिशत से प्रदेश की सूची में नौवां और जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं ग्राम विकास इंटर कालेज खुटहन के हर्ष यादव ने 600 में से 580 प्राप्तकर 96.67 फीसदी अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। श्री जेएसआईजीसी शिवपुर बेलवा की छात्रा प्रतिभा यादव ने 600 में से 579 अंक प्राप्त कर 96.50 फीसदी अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही।
इंटरमीडिएट में कुटीर इंटर काॅलेज चक्के की श्रेजल गुप्ता ने 500 में 481 अंक हासिल कर 96.20 प्रतिशत से प्रदेश में 9वां और जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। सरस्वती इंटर काॅलेज ऊंचगांव की शिवांगी पटेल, आरएलएसएसआईसी नकहरा खानदेव के दिव्यांश उपाध्याय, हरिओम एसएस इंटर काॅलेज कीर्तापुर की शिप्रा पांडेय और स्वामी गोकुलानंद इंटर काॅलेज शिवरहिया के उज्ज्वल यादव ने 500 में 480 अंक प्राप्त कर 96 फीसदी के साथ जिले में दूसरे स्थान पर तो प्रदेश में 10 वें स्थान पर हैं। जीजीआईसी जौनपुर की छात्रा सु्प्रिया मौर्या, कुटीर इंटर काॅलेज चक्के की शिवानी यादव, हरिओम एसएस इंटर कॉलेज किर्तापुर की कुमकुम निषाद, संजना, बीके पीबी इंटर कालेज सवंशा महराजगंज की अंशिका पांडेय सभी ने 500 में 479 अंक प्राप्त कर 95.80 फीसदी के साथ जिले में संयुक्त रूप तीसरे स्थान पर रही। शनिवार को रिजल्ट जारी होने के बाद प्रदेश की सूची में स्थान बनाने वाले और बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के घरों में खुशी का माहौल रहा। विद्यालयों में स्वागत कर छात्रों को सम्मानित किया गया।