नेवढ़िया। थानाक्षेत्र के तरती गांव में होली के अवसर पर आयोजित मेले में बुधवार शाम बवाल हो गया। मेले में घूमने गए एक युवक और उसके भाई पर दबंगों ने लाठी-डंडों और पंच से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। तरती गांव निवासी कमलेश गौतम के अनुसार, वह बुधवार शाम करीब पांच बजे गांव में आयोजित होली मेले में गया था। वहीं पर पड़ोसी गांव दीपापुर निवासी रंजीत शर्मा, विशाल शर्मा और सचिन राजभर से किसी बात पर उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद इन तीनों ने गोलबंद होकर कमलेश पर हमला कर दिया और उसे लाठी-डंडों व पंच से बुरी तरह पीट दिया। जब कमलेश का भाई उसे बचाने गया तो हमलावरों ने उसे भी बेरहमी से पीटा। पीड़ित कमलेश ने नेवढ़िया थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई। इस संबंध में थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।