जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने संबंध महाविद्यालयों को पत्र जारी कर मिडटर्म और इंटरनल प्रैक्टिकल का अंक समय से विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराने के लिए पत्र जारी किया है। विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं 21 अप्रैल से शुरू हो रही हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में मिडटर्म और इंटरनल प्रैक्टिकल की परीक्षा खत्म हो चुकी हैं। परीक्षा कराने के बाद महाविद्यालय भी इस तैयारी में हैं कि परीक्षा का अंक विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा दिया जाए। यदि कॉलेज यह अंक समय से उपलब्ध नहीं कराते हैं तो परीक्षा परिणाम अपूर्ण रह जाएगा। इससे रिजल्ट जारी करने में देरी हो सकती है। विश्वविद्यालय की मंशा है कि मिडटर्म और इंटरनल प्रैक्टिकल का अंक रिजल्ट तैयार कर रही एजेंसी को उपलब्ध कराने के साथ ही उसे रिजल्ट में फीड कराने का काम शुरू करा दिया जाएगा, ताकि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बाद संबंधित छात्र का अंक फीड कराने में सहूलियत मिलेगी। समय से रिजल्ट भी तैयार हो सकेगा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षा के लिए तीन पाली का कार्यक्रम तैयार किया गया है। परीक्षाएं एक माह तक चलेंगी। परीक्षा में जौनपुर और गाजीपुर के 586 महाविद्यालयों के परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें जौनपुर 222 और गाजीपुर के 364 महाविद्यालय शामिल हैं।