जौनपुर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक हुई। उन्होंने अनफिट वाहनों की तीन दिन में ठीक कराने के निर्देश दिए। निर्धारित समयावधि में फिटनेस नहीं कराने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक जौनपुर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया है। ये भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी वाहनों के चालकों के चरित्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण करा लें। विद्यालय स्तर पर विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति का गठन करते हुए उसकी बैठक करा लें एवं उसकी सूचना सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को उपलब्ध कराएं। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, डीआईओएस डीके सिंह, बीएसए समीर, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अजीत सिंह, यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार, टीआई मनोज पांडेय के साथ ही स्कूलों के प्रबंधक व प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।