सिकरारा। क्षेत्र के जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर गोसाईगंज बाजार में बृहस्पतिवार की रात लगभग 10 बजे ओवर टेक के चक्कर में तीन वाहन एक दूसरे से टकरा गए। ऐसे में अनियंत्रित ट्रक दो कारखनों के सामने लगे टिन शेड में घुस गया। जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही एक सैलून की गुमटी भी टूट गईं। संयोग अच्छा था कि किसी को चोट नहीं आई। जौनपुर की तरफ से आ रही एक पिकअप को एक कार ओवरटेक करने के चक्कर में मछलीशहर की तरफ से आ रही सीमेंटेड पत्रा लदे ट्रक से टकरा गई। जिससे ट्रक चालक ने अपना नियत्रंण खो दिया और ट्रक त्रिलोकी साहू व मेवा लाल गुप्ता के कारखाने के सामने के टिन शेड एवं उसके साथ ही जाम गांव निवासी गुड्डू शर्मा के सैलून की गुमटी को तोड़ते हुए पलट गया। ट्रक पलटने से उसमें लदा सीमेंटेड पत्रा भी टूट कर विखर गया। पीडि़त व्यापारियों का कहना है कि इस दुर्घटना में उनका तेल घानी स्पेलर, आटा चक्की की मशीनें, इंजन क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे उनको लाखों का नुक्सान हुआ है। चालक व खलासी को हल्की चोट आई। आस पास के लोगों ने दोनों का स्थानीय चिकित्सक से इलाज कराया।