बरसठी। बारीगांव हनुमानगंज बाजार में सोमवार की देर शाम बेकाबू बोलेरो सड़क किनारे पटरी पर लगी सब्जी और फल की चार दुकानों को रौंदते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उसकी चपेट में आने से दो दुकानदार घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से गुस्साए लोगों ने बेलोरो को क्षतिग्रस्त कर पलट दिया। चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
बारीगांव हनुमानगंज बाजार में सोमवार को विजयदशमी का मेला था। सड़क किनारे पटरी पर तमाम अस्थाई दुकानें लगी थी। शाम को करीब आठ बजे एक बेकाबू बोलेरो पुटपाथ पर लगी फल और सब्जी आदि की चार दुकानों को रौंदते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उसकी चपेट में आने से सब्जी विक्रेता करिया गौतम और फल विक्रेता बाबा यादव निवासी बारीगांव घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान बाजार में कई लोगों की की मौत की अफवाह भी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने बोलेरो को क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया।