सड़क दुर्घटना में घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं से जिला अस्पताल ले जाती ए
मड़ियाहूं। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के अटरिया गांव के पास रविवार की डीजे वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं भेजा। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बरसठी थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव निवासी विपिन सरोज अपने चचेरे भाई मिथिलेश सरोज के साथ बाइक से वाराणसी जा रहे थे। दोपहर में नेवढ़िया थाना क्षेत्र के अटरिया गांव के पास तेज रफ्तार डीजे वाहन से बाइक को टक्कर लग गई। इससे दोनों युवक गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलते ही भाऊपुर चौकी इंचार्ज सुग्रीव प्रसाद गुप्ता पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नेवढ़िया थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।