Jaunpur News: सुजानगंज मार्ग पर स्थित थलोई गांव में दो बाइकों की आमने- सामने टक्कर हुई, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जौनपुर जिले के मछलीशहर के सुजानगंज मार्ग पर स्थित थलोई गांव में दो बाइकों की टक्कर में संतोष पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास पटेल को गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर किया गया। दूसरे बाइक पर सवार राजेंद्र प्रताप सिंह (23) की भी हादसे में जान चली गई।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि परीक्षा देकर सुजानगंज जा रहे युवक की सामने से आ रही बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। घटना में संतोष पटेल (20) रामपुर भाभरा थाना सुजानगंज की मौत हो गई। पीछे बैठा व्यक्ति विकास पटेल निवासी रामपुर भाभरा थाना सुजानगंज मछलीशहर गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरे बाइक पर सवार राजेंद्र प्रताप सिंह (23) निवासी देवकली को सुजानगंज सीएचसी ले जाया गया, स्थिति नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर किया गया, वहां उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।