बदलापुर/बक्शा। जिले में सोमवार को दो जगहों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। पहला हादसा श्रीकृष्णा नगर रेलवे स्टेशन और सरायहरखू के बीच ऊदपुर घाटमपुर के पास हुई। वहीं, दूसरा हादसा सरायहरखू स्टेशन के समीप हुआ। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसमें एक युवक की पहचान नहीं हो पाई। श्री कृष्णा नगर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एसआर सरोज ने पुलिस को सूचना दी कि ऊदपुर घाटमपुर गांव के पास रेल पटरी के बीच एक व्यक्ति का शव देखा गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को रेल पटरी हटाया और उसकी पहचान में जुट गई। तब तक शव के पास पड़े मोबाइल पर कॉल आई। उस कॉल से पता चला कि शव ग्राम खमपुर थाना तेजीबाजार निवासी सुरेश (25) का है। परिजनों के मुताबिक, वह सुबह घर से कहीं जाने की बात कह कर निकला था। रेल पटरी पर सुरेश का शव पाए जाने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। सुरेश की शादी अभी दो वर्ष पूर्व हुई थी। पत्नी प्रीती, भाई बृजेश व पिता दुबरी उसकी मौत पर बिलखते रहे। थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने सुरेश को अर्द्धविक्षिप्त बताया। कहा कि ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है।
बक्शा : सरायहरखू स्टेशन के समीप सोमवार की शाम मालगाड़ी की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत हो गई। सुल्तानपुर से जौनपुर की तरफ जा रही डाउन मालगाड़ी संख्या डीकेएई के चालक जमशेद सिद्दीकी ने बक्शा स्टेशन अधीक्षक को बताया। कहा कि करीब शाम 6.52 बजे ट्रेन जैसे ही सरायहरखू स्टेशन के आगे रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति दिखाई दिया। चालक ने हॉर्न बजाने के साथ ब्रेक भी लिया। बावजूद वह ट्रेन की चपेट में आ गया। सरायहरखू स्टेशन अधीक्षक रितेश कुमार मौर्य ने बताया कि युवक के पास से मोबाइल मिला है। उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।