बिजली बिल बकाया वसूली में खराब प्रदर्शन पर बदलापुर और मछलीशहर के एक्सईएन को निलंबित कर दिया गया है। उप्र पॉवर कॉर्पोरेशन के चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल ने समीक्षा बैठक के बाद यह कार्रवाई की है।
जिले के बदलापुर डिवीजन में तैनात अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र और मछलीशहर के राम सनेही यादव को निलंबित किया गया है। मंगलवार को समीक्षा बैठक के दौरान चेयरमैन ने राजस्व वसूली और एकमुश्त समाधान योजना में लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश प्रबंध निदेशकों को दिया था।
खराब प्रदर्शन करने वाले एक अधीक्षण अभियंता और चार अधिशासी अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई होनी थी।
मुख्य अभियंता ने क्षेत्र में खराब प्रदर्शन के मामले में 40 कार्मिकों को चेतावनी देने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बिजली के एक-एक बकायेदार से संपर्क कर बिल जमा कराएं।
जिन क्षेत्रों में राजस्व वसूली और ओटीएस में प्रगति नहीं है, वहां जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई होगी। अधीक्षण अभियंता सर्किल प्रथम विवेक खन्ना ने बताया कि दोनों अधिशासी अभियंताओं को बकाया बिजली बिल के भुगतान में लापरवाही पर निलंबित किया गया है।
अन्य लापरवाह लोगों को सख्त हिदायत है कि कार्य में तेजी लाएं अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।