बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे स्थित मिरसादपुर गांव में सोमवार की सुबह तेज रफ्तार इनोवा कार की चपेट में आने से पैदल जा रहे दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिरसादपुर गांव निवासी मूक बधिर अरविंद निषाद (25) और पंकज खरवार (19) घर से पैदल हाइवे से बदलापुर की तरफ जा रहे थे। इसी बीच जौनपुर की तरफ से आ रही तेज गति इनोवा ने अनियंत्रित होकर दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। कार दोनों को घसीटते हुए 100 मीटर दूर सड़क के किनारे लगे बोर्ड के पास तो दूसरे को 400 मीटर दूर फ्लाईओवर तक ले गई। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दोनों युवक गांव में ही एक परिवार में मजदूरी कर अपना तथा अपने परिवार का जीविकोपार्जन करते थे। दोनों पक्के साथी व हमेशा एक साथ रहते थे। उधर चालक और उसमें सवार लोग इनोवा छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने इनोवा को कब्जे में लेते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।