मोहाली में बस और कार की टक्कर में दो लोगों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को हुए सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि पति और पुत्र समेत तीन घायल हो गए। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के लिलाई गांव निवासी बादामा देवी (45) पत्नी कृपाल बिंद अपने पुत्र सिगनू (22) के साथ किसी रिश्तेदार के घर लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव जा रहीं थी। बाइक सिगनू चला रहा था जबकि उनकी मां पीछे बैठी थी।
वे नगर कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री पुल के पास पहुंचे थे तभी ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर लगते ही बादामा देवी सड़क पर गिर पड़ी और ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया। जबकि बाइक चला रहे सिगनू को मामूली चोट आई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक फरार हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के देल्हूपुर निवासी राजेंद्र कुमार (50), अपनी पत्नी अनारा देवी (45) और पुत्र अनिल कुमार (15) के साथ अपनी ससुराल सुजानगंज थाना क्षेत्र के शांतिनगर गए थे।
शनिवार को तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक राजेंद्र चला रहे थे जबकि पत्नी और पुत्र पीछे बैठे थे। वे मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास पहुंचे थे तभी इलाहाबाद की ओर जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस की चपेट में आ गए। बस से धक्का लगते ही अनारा देवी दाहिनी तरफ सड़क पर गिर पड़ीं और बस उनके ऊपर से गुजर गई।
जिससे अनारा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजेंद्र और उनके पुत्र बायीं तरफ गिरे। उन दोनों को भी चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से पिता पुत्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जबकि महिला के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद बस लेकर चालक फरार हो गया। उधर सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए।