फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुरानी रंजिश में भिड़े दो छात्र गुट, तड़तड़ाई गोलियां, स्कार्पियो तोड़ी

विज्ञापन
खरका कॉलोनी में छात्रों के दो गुटों में फायरिंग के बाद घटनास्थल के पास स्थित मकान का सीसीटीवी फुट - फोटो : JAUNPUR
विज्ञापन
जौनपुर। शहर के खरका तिराहे पर बुधवार की देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो छात्र गुट भिड़ गए। इस दौरान फायरिंग भी हुई। इसमें दो छात्र जख्मी हुए हैं। एक पक्ष की स्कार्पियो भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। लाइन बाजार थाने से चंद मीटर दूरी हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसमें एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया है। घटना के पीछे छात्र संघ चुनाव के पुराने विवाद को कारण बताया जा रहा है।
विज्ञापन

टीडी कॉलेज के छात्र संघ चुनाव के मामले को लेकर करीब तीन माह पहले मियांपुर कॉलोनी में दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। इसमें फायरिंग भी हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया था। एक आरोपी जेल भी गया था। बुधवार की शाम लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कदम रसूल मोहल्ला निवासी कृपाशंकर यादव (22) हर्षित सिंह व कुछ अन्य साथियों के साथ स्कार्पियो में सवार होकर लाइन बाजार होते हुए घर जा रहा था। खरका तिराहे पर अचानक दूसरा गुट सामने आ गया। देखते ही दोनों पक्ष भिड़ गए। फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर लोग सहम गए। एक पक्ष के लोगों ने हर्षित सिंह की स्कार्पियो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। फायरिंग में कृपाशंकर यादव के दोनों पैरों में घुटने के नीचे गोली लगी है। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। कुछ देर बाद ही दूसरे पक्ष से अभिषेक उर्फ प्रिंस (22) भी जख्मी हाल में अस्पताल पहुंचा। उसके भी दाहिने पैर में घुटने के पास गोली लगी है। अभिषेक के मुताबिक खरका तिराहे पर फायरिंग के दौरान वह जख्मी हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार एसओ जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी अंकित कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। कुछ देर बाद एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार और फिर एसपी राजकरन नय्यर भी पहुंचे। आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। घरों व दुकानों पर लगे सीसी टीवी फुटेज भी खंगाले। जिला अस्पताल पहुंचकर भी घायलों का हाल जाना। एसओ ने जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला छात्र संघ चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश का है। दोनों अपनी ही गोली से जख्मी हुए है। पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद जुटे छात्र, पुलिस से भी हुई झड़प
जौनपुर। खरका तिराहे पर फायरिंग में साथी के जख्मी होने की सूचना के बाद जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में दोनों पक्षों के छात्र जुट गए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए तत्काल भारी फोर्स अस्पताल में पहुंच गई। सभी को अस्पताल परिसर से बाहर निकाला गया। अस्पताल गेट पर पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने एक पक्ष को अस्पताल से कुछ दूर भंडारी चौकी पर ले गई। वहां भी एक पुलिसकर्मी से छात्रों की झड़प हुई। एक घायल के रेफर होने के बाद दूसरे को जिला अस्पताल लाया गया। देर रात तक पूरा अस्पताल परिसर और आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार और देर शाम सीडीओ ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

शहर के खरका कॉलोनी में फायरिंग के बाद तोड़ी गई स्कार्पियो।- फोटो : JAUNPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें