मीरगंज। सब कुछ ठीक रहा तो जंघई जंक्शन पर दो महीने के अंदर पांच प्लेटफॉर्म और आठ रेल लाइन बिछाने का काम पूरा हो जाएगा। स्टेशन पर पहले तीन ही प्लेटफॉर्म थे। इनकी संख्या दो और बढ़ा देने से अब कुल प्लेटफॉर्मों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी। इससे जहां ट्रेनों के आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं यात्रियों को ज्यादा समय तक स्टेशनों पर ट्रेनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
वाराणसी प्रतापगढ़ रूट पर स्थित जंघई जंक्शन पर यार्ड रीमॉडलिंग के तहत 90 करोड़ की लागत से कोरोना काल से सुंदरीकरण कराया जा रहा था, अब यह धीरे-धीरे मूर्त रूप ले रहा है। स्टेशन पर पुरानी बिल्डिंग को तोड़ कर नई बिल्डिंग बना दी गई है, जिसमे यात्री प्रतिक्षालय, पोर्टिको, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, आरपीएफ पोस्ट, जीआरपी चौकी, पावर केबिन बनकर तैयार है। अब पुराने तीन प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जा रहा है। चार व पांच नए प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं। सभी पांचों प्लेटफॉर्म का 80 फीसदी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा स्टेशन पर आठ नई लाइनें भी बिछाई जा रही हैं।
................................................
इन प्लेटफॉर्मों पर रुकेंगी ये ट्रेनें
प्लेटफॉर्म-1 और 2 पर वाराणसी से प्रयागराज और मड़ियाहूं से प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों का आवागमन होगा। प्लेटफॉर्म 3,4,5 पर प्रतापगढ़ से वाराणसी और मड़ियाहूं से प्रतापगढ़ की तरफ जाने वाली ट्रेनों का आवागमन होगा। वहीं ट्रैक नंबर 1,2,3,4 से वाराणसी से प्रयागराज और मड़ियाहूं से प्रयागराज और ट्रैक नंबर 5,6,7,8 से वाराणसी से प्रतापगढ़ और मड़ियाहूं से प्रतापगढ़ की तरह ट्रेनों का आवागमन रहेगा।
........................................
इनसेट
स्टेशन पर यात्रियों के लिए ये है सुविधाएं
प्लेटफॉर्म-1 पर महिला पुरुष के लिए वेटिंग रूम, वॉटर बूथ, प्लेटफॉर्म 1,2,3 पर बड़े यात्री शेड बनकर तैयार है। सर्कुलेटिंग एरिया में कार और बाइक के लिए पार्किंग बन कर तैयार है। यहां डिजिटल बैंकिंग यूनिट, रेल कोच रेस्टोरेंट और एटीएम लगना अभी बाकी है। सर्कुलेटिंग एरिया में चार बड़े हाई मास्क टावर लगाए जाएंगे।
......................
वर्जन
जंघई स्टेशन का सुंदरीकरण किया जा रहा है। जिसमें पुराने प्लेटफॉर्म का विस्तार व दो नये प्लेटफॉर्म का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसमें से 80 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। दो माह के अंदर सभी कार्य पूरे हो जाएंगे। इसके बाद से यात्रियों की सुविधाएं भी स्टेशन पर बढ़ जाएंगी।
-कोमल सिंह, स्टेशन अधीक्षक, जंघई रेलवे स्टेशन